Monday, May 2, 2016

सुन लो शहीदों की

सुनो ऐ हिन्द के लोगों कहानी हम  सुनाते हैं ,
शहीदों की व्यथाओं की कथा तुमको सुनाते  हैं।
दिए सर्वस्व थे जिसने , बढ़ाया मान हमसब का ,
उसी की आत्मा की ये व्यथा तुमको सुनाते हैं।

हमारी भूमि  पर आकर , सिर को काट ले जाते ,
मगर हम हैं सियासत में अमन की संधि कर आते ,
न कुछ भी दर्द ही होता , न कुछ भी क्षोभ ही होते ,
अमन के शत्रु के घर बैठ दावत खूब कर आते ,
किये बलिदान जीवन के , थे हमने देश की खातिर ,
कभी पैंसठ - इकहत्तर और करगिल याद हैं आते।
मगर ये जो सियासत है...

कटा कर शीष को हमने , किया  माँ - कोख  को सूना ,
निछावर भी किया था माँग के सिन्दूर पत्नी का  ,
बहन मेरी बहुत रोई , मेरा बेटा बहुत रोया ,
पिता को बेसहारा करके मैं धरती में जा सोया ,
मगर जब देखता हूँ मैं अपने देश की हालत ,
हमारा दिल बहुत रोता है , आँसू आँख में आते।
 मगर ये जो सियासत है   .....

कभी कश्मीर है जलता , कभी बंगलोर जलता है ,
कभी दिल्ली सुलगती है , कभी आंध्रा सिसकता है ,
महज कुर्सी की ही खातिर , ये जनता को लड़ाते हैं ,
हमें तुमसे लड़ाते हैं , तुम्हें हमसे लड़ाते हैं ,
कभी मंदिर जलाते हैं , कभी मस्जिद जलाते हैं ,
कभी बस्ती जलाते हैं , कभी दंगा कराते हैं
मगर ये जो सियासत हो   ........

तिरंगा तीन रंगों का , शहीदों की निशानी है ,
नहीं दुनियाँ में दूजा कोई इसका और सानी है ,
तिरंगे के लिए जीना , तिरंगे के लिए मरना ,
तिरंगे के लिए हमको जनम सौ बेर है लेना ,
तिरंगा है वसन मेरा , तिरंगा हो कफ़न मेरा ,
तिरंगे के लिए हम तो ये जां कुर्बान कर जाते।
मगर ये जो सियासत है  .......
  

Friday, April 15, 2016

श्रद्धांजलि

शब्दों का जादूगर सोया ,
कौन रचे शब्दों से गीत ,
दूर देश को चला गया वह ,
बन बैठा तारों का मीत।

हँसते- हँसते अभी मिला था ,
करता था वह सबसे प्रीत ,
क्या बच्चे ,क्या बूढ़े ,युवा ,
सब के दिल को लिया था जीत।

आज विदा हो गया जगत से ,
छोड़ गया जग के सब रीत ,
होंठ तुम्हारे बंद  गये ,
पर मुखरित हैं तेरे गीत।

यही हमारी श्रद्धांजलि है , तुमको मेरे मीत ,
सदा गूँजता रहे विश्व में ,तेरा सुन्दर गीत।

(  स्वo  श्री चिन्मय ' सायर ' को श्रद्धांजलि  )
        -----   ( प्रकाशित )

Tuesday, March 8, 2016

गरमी आई , गरमी आई

सूरज लाल हुआ है भाई ,
गरमी  आई , गरमी  आई।
जाड़ा भाग गया है डर से ,
गई रजाई ,गई रजाई।
मुझको प्यारी लगती गरमी ,
आइसक्रीम व कुल्फी लाई।
गरमी ने उपहार हैं लाये ,
खरबूजे ,तरबूजे लाई।
मधुर, रसीले आम भी लाया ,
शर्बत खूब पियो तुम भाई।
ठंढे - ठंढे जल से नित दिन ,
मल - मल बदन नहाओ भाई।

Tuesday, February 23, 2016

जंगल ही अच्छा है

जंगल में बहुत अमन चैन था ,
सभी जानवर मिल - जुल कर रहते थे ,
कोई किसी को बेवज़ह नहीं सताता था ,
बहुत शान्ति थी ,
अब कुशाशन फैल गया ,
जंगल कटने लगे , कट गए ,
जंगल का अमन - चैन खो गया ,
मानो , वहाँ का लोकतंत्र खो गया।
सभी   ' जंगली जानवर ' शांति की खोज में
शहर की ओर भागे ,
स्कूलों में आने लगे ,
ताकि , कुछ नैतिक शिक्षा प्राप्त कर सकें ,
मनुष्यों से मानवता सीखें ,
सभ्य बन सकें ,
पर , वह बहुत निराश हुआ ,
देखा ,यहाँ तो आदमी
आदमी को काट रहा है ,
बात - बात पर
बन्दूकें निकाल रहा है ,
शहर - शहर
बलात्कार हो रहा है ,
वृद्धाओं और बच्चियों से
दुर्व्यवहार हो रहा है ,
कोई तेंदुआ या भालू दिख गया , तो
उसे घेर कर मार रहा है ,
कहीं -कहीं तो
उसे पेड़ से उलटा लटकाया जा रहा है ,
सच मानो
यहाँ आदमी जंगली हो गया है ,
बात - बात पर हिंसक हो गया है ,
इतने स्कूल - कॉलेज हैं ,
पर नैतिकता नहीं है ,
उसने मन में सोचा ,
अपना जंगल ही अच्छा है।

नोट :-- रचना तिथि / माह - फरवरी  2016 
ब्लॉग्ड - 23 फेरवारी -2016  
 

जंगली आदमी

हमने , बचपन में सुना था ,
किताबों में पढ़ा था ,
बड़ों ने भी बताया था - ( कि )
शेर , बाघ , तेंदुआ
जंगली जानवर हैं ,
जंगलों में रहते हैं ,
अब , जंगल में आदमी रहते हैं
और ,
शेर , बाघ , तेंदुआ
शहर में रहने लगे हैं ,
आज का आदमी जंगली हो गया है। 
 
          ---- ( प्रकाशित )

Wednesday, February 17, 2016

माँ की पुकार

जिस
माँ ने सींच कर
हमारी धरती को ,
लगाया अन्न का अंबार ,
भर कर पेट
कोटि - कोटि संतानों का ,
किया रक्त संचार ,
अपने निर्मल ,स्वच्छ
जल पिला कर
उन्हें पाला - पोषा ,
बड़ा किया ,
वही माँ ,
आज ' कृशकाय ' हो गई ,
हो गई है बीमार।
क्या उसकी करोड़ों संतान
उसको देंगे नया जीवनदान  ?
ताकि ,
वह पुन: स्वस्थ्य हो कर
कर सके ,
आने वाली पीढ़ी का भरण - पोषण ,
दे सके उन्हें , अमृतदान  ?
            -----   मंजु सिन्हा

कागजी आदमी


खो गई है पहचान
आज के आदमी की ,
ढूढ़ रहा है
अपना आधार ,
बिना  ' आधार '
नहीं है उसका वज़ूद ,
गो कि ,
वह जिन्दा है ,
पर कागजों में नहीं है ,
नहीं है उसका अस्तित्व ,
आदमी  ' कागजी ' हो गया है।

           -------    ( प्रकाशित )

Saturday, February 13, 2016

कूड़ा बीनती लड़की

बिखरे - बिखरे से हैं बाल ,
उलझे - उलझे से हैं बाल ,
कोमल काया जीर्ण -शीर्ण है ,
वस्त्र भी तन का अति विदीर्ण है ,
यौवन झाँक रहा है जिससे ,
पर बेपरवा इन  बातों से ,
रोज सवेरे , बड़े अँधेरे ,
काँधो पर रख थैली - बोरे ,
कूड़ा बीनने घर से आती ,
नहीं कभी वह नागा करती ।
झटपट कुछ कूड़े में  चुनती ,
चुन- चुन कर थैले में रखती ,
पॉलिथीन -प्लास्टिक के साथ ,
लोहा , कागज़ , टूटे काँच ,
और न जाने क्या - क्या चुनती ,
इनमें ही वह सपने बुनती ,
सँभल - सँभल कर वह है चलती ,
आवारा कुत्तों से डरती ,
फिर भी कुछ पीछे लग जाते ,
सूँघ -सूँघ कर उसे डराते ,
सहमी - सिकुड़ी चलती रहती ,
मुँह से कभी न कुछ वह कहती ,
उसे पता है ,गर उलझेगी ,
दण्ड भी वह  उसका भोगेगी ,
यही सोच आगे बढ़ जाती ,
लोग करेंगे सौ - सौ बात ,
यहाँ भेड़िये घूमते रहते ,
लोलुप , लंपट करने घात।                                                                                                                 

रोज सवेरे वह तकती है                                                                                     
स्कूल को जाते बच्चे ,
सजे - सजीले , नीले - पीले ,
कितने प्यारे , कितने सच्चे ,
मन ही मन सोचा करती वह ,
काश  कि वह भी कुछ पढ़ जाती ,
इन बच्चों के संग - संग वह ,
पढ़ने को स्कूल को जाती ,
पढ़ कर खूब कमाती नाम ,
बड़े - बड़े करती वह काम ,
पर निर्धन घर की वह बेटी ,
कैसे दिखलाये यह हेठी ?
बूढ़े और अशक्त पिता की ,
कैसे वह सेवा कर पाती ,
साधनहीन नहीं होती गर ,
क्यों कर वह नित कूड़ा चुनती।
क्षुधामयी इस पापी पेट को ,
सबको ही पड़ता है भरना ,
भीख माँगने से तो अच्छा ,
लगता उसको कूड़ा चुनना।

प्रकाशित - हलन्त ( जुलाई 2023 )

Wednesday, February 10, 2016

बाट जोहती माँ

कभी बच्चे के स्कूल से
आने का बाट जोहती है माँ ,
उसके आने के समय से पहले ,
दरवाजे पर खड़ी दिखती है माँ ।

फिर , उसकी नौकरी का
इंतजार करती है माँ ,
और ,
जब नौकरी मिल जाती है -
बच्चे चले जाते हैं
दूसरे शहर , देश ।
माँ फिर तकती है राह ,
जोहती है बाट ,
उसके आने की ।

इसी क्रम में ,
पथरा जाती हैं उसकी आँखें ।
और अब वह ,
' दिल ' से जोहती है बाट ।

      -------    मंजु  सिन्हा
             
 

Friday, January 22, 2016

रोटी का स्वाद

रोटी का स्वाद  अमीर से नहीं ,
मजदूरों से पूछो ,
जो हाड़ - तोड़ मेहनत  के बाद ,
' नंगे ' बदन 
टपकते  ' स्वेद ' कणों में भींगा,
रोटी का  टुकड़ा ,
आँखें बन्द कर
अपने मुँह में डाल रहा है   .......

      ------- ( प्रकाशित )

       

Tuesday, January 19, 2016

दो कवितायें

         ( एक )

    औद्दोगिक शहर

कारखानों की चिमनी से
निकलता है धुआँ ,
भर जाता है
फेफड़ों में ,
एक से निकलता है
दूसरे में समा जाता है ,
यह औद्दोगिक शहर
कहलाताहै ।
           (  दो   )
      विकसित शहर

जंगल काट दिए गए हैं ,
सड़क किनारे लगे
फलदार पेड़ों पर
चली हैं आरियाँ ,
सड़कें चौड़ी हो गई हैं ,
दौड़ती हैं ढेर सारी
मोटर गाड़ियाँ ,
छोड़ती हैं धुआँ ,
नथनों में समाते हैं ,
बचे पेड़ों पर
हवा गुमसुम है ,
खामोश है चिड़ियाँ ,
घोंसले बिखर गये  हैं ,
तपता है धूप ,
तपता है -
पत्थर का शहर ,
दोपहरी को
नदी प्यासी
खोज रही
अपना ही अस्तित्व ,
लोग कहते हैं -
यहाँ बहुत
विकास हुआ है ,
यह है विकसित शहर।
           



Saturday, January 16, 2016

रणभेरी बजा दो

सरहद के पार देश के दुश्मन को जाता दो ,
जो देश के दुश्मन हैं , उन्हें आज बता दो ,
क्या होता है अंजाम समर का ये दिखा दो ,
नामो-निशान  दुनिया से दुश्मन का मिटा दो।

इस देश के हर वासी को है नाज हिन्द पर ,
गद्दारे वतन जो भी हों सूली पर चढ़ा दो ,
हम एक हैं, हम एक हैं, हम एक-एक,एक रहेंगे ,
संदेश हमारा है ये , दुनियाँ को बता दो।

है नहीं पसंद गर , उनको अमन की बात ,
छोड़ो अमन की बात , अब रणभूमि सजा दो ,
चन्दन है माटी देश की , माथे पर लगा  लो ,
आया है यह समय कि अब रणभेरी बजा दो।

                    

Friday, January 15, 2016

मेरा गाँव

काश !
तुम आ जाते ,
देखते मेरा गाँव।
माना कि नहीं हैं सड़कें ,
है नहीं जल व्यवस्था ,
किन्तु ,
नहीं है प्यार का अभाव ,
हमारी आँखों में
बहुत पानी है।
गो कि ,
बिजली भी नहीं है ,
गाँव में होता है
स्याह अन्धेरा ,
पर , हमारे ह्रदय में है -
प्रकाश - पुंज
प्यार का।
ये टेढ़ी - मेढ़ी
पगडंडियाँ , हैं
सिरायें और धमनियाँ ,
खेतों में
उगती फसलें हैं
पूरे देश के दिल की धड़कन।
कैसे समझाऊँ मैं
तुम्हें ,
गाँव , नहीं होता है
केवल गाँव ,
वह है
हमारी जननी ,
तुम्हारी जननी ,
सब की जननी ,
करती है पोषण ,
सहती है
सब व्यथा ,
ताकि ,
तुम सजे रहो ,
सुन्दर रहो ,
भव्य रहो
और
सदैव खुश रहो   ..... ...

Sunday, January 10, 2016

विडंबना

         
बच्चों को खिलौनों में देते हैं
बंदूक ,तीर और कमान ,
उम्मीद यह रखते हैं ( कि )
बनेंगे अच्छे और महान।
            
बेटियों को देते हैं शिक्षा ,सिखलाते हैं -
तुम हो आजाद , करते हैं प्यार ,
बहुओं पर रखते हैं कड़ी नजर ,
( और ) करते हैं अत्याचार।
              
दाल-रोटी का रोना रोते,
खाते  बर्गर , चाउमिन ,
सुबह - सवेरे दौड़ लगाते ,
शाम को जाते जिम।
              
तीर्थ के नाम पर दौड़ लगाते ,
बच्चे , बूढ़े और जवान ,
धर्म नगरी बदल गई है ,
हो गई है - पिकनिक स्थान।
           
देश में बढ़ रही है - बुजुर्गों की तादाद ,
पर नहीं दिखते, कोई बुजुर्ग ,
क्योंकि रंग लिये हैं
सभी ने अपने बाल।
          
घर में भी अब नहीं सुरक्षित
वृद्ध और लाचार ,
बहुएँ उन पर कर रहीं
लात - घूँसों की बौछार।
         ---- रचयिता - मंजु सिन्हा

नोट  : - हलन्त  ( फरवरी  २०१६ के अंक ) में प्रकाशित।


Thursday, December 31, 2015

तुम मेरे पास चली आना ,

ये दिल उदास जब हो जाये  ,
नहीं कोई राह नजर आये ,
तुम मेरे पास चली आना ,
अपनी कहना ,मेरी सुनना।

जग की दो रंगी नीति यहाँ ,
इन पर विश्वास नहीं करना ,
अपने मन की बातें सुनना ,
अपने मन की बातें करना।

मन की अपने मन में रखना ,
दिल के सब जख्म छुपा रखना ,
न बात कोई लब पर लाना ,
ना आँखों में आँसू लाना।

तेरे अश्कों की भाषा को ,
क्या जग समझेगा नादां है ,
जो बात किसी से कह न सके ,
दिल में वो बात सँजो रखना।

न जाने " तरुण " कब बात वही ,
रौशन तेरी दुनियाँ कर जाए ,
यादों के चिरागों को न बुझा ,
ये शमां जलाये ही रखना। 

Friday, December 18, 2015

मैं हवा का एक झोंका

मैं हवा का एक झोंका ,
मुँह न मुझसे फेरो तुम ,
प्रणय के इस मास में प्रिय  ,
गेह लो बाँहों में तुम।

पल दो पल की जिन्दगी है ,
पल दो पल का है मिलन ,
एक पल ठहरूँ न ठहरूँ ,
आ भी जा मेरे सनम।

चाँद की किरणें सुहानी ,
आज पूनम रात की ,
एक पल बैठो मेरे संग ,
कर लो बातें प्यार की।


आज दिल की बात कह लो ,
आज दिल की बात सुन लो ,
फिर क्या जाने आज का पल ,
लौट कर आये न कल।

है नहीं मनुहार का पल ,
बस यही एक प्यार का पल ,
आ गले मिल जायें हम - तुम ,
भूल कर सब द्वंद हम।

मैं हवा का एक झोंका   ..

Sunday, November 15, 2015

ग़ज़ल

                     

समंदर भी पटक कर सर , किनारों से लौट जाता है ,
मुफलिसी में आदमी भी ,जिन्दगी से हार जाता है।

सुनो ऐ ! हारने वालों , ध्यान से मेरे इस बात को ,
ज़रा से हौसले से , परिंदा , समंदर  पार जाता है।

संघर्ष न हो जीवन में , तो ,जीना बेकार है यारों ,
सच तो है यही,कि , संघर्ष , जीवन को निखार जाता है।

ज्यादा हमदर्दी से , आदमी भी शरमसार होता है ,
कभी - कभी ग़ुरबत भी तो , आदमी को मार जाता है।

Friday, October 30, 2015

गति है तो जीवन है

पर्वतराज हिमालय कहता ,
सूरज चल - चल कर यह कहता ,
वन - वन पवन सुनाता फिरता ,
चंचल भँवर गीत  है गाता ,
फूल सदा ही हँस कर कहता ,
बहती  नदिया का जल कहता ,
जन - जन को संदेशा देता ,
गति है तो जीवन है , वरना ,
बिन गति , जीवन की अवनति  है।

सागर की  लहरों का उठना ,
बार - बार तट से टकराना ,
पर हिम्मत को नहीं हारना ,
लिपट -लिपट कर झटक तीर से ,
उद्भाषित  करती भावों से ,
दर्शन जीवन का बतलातीं ,
लहरें गीत गति का गातीं ,
गति है तो जीवन है ,वरना ,
बिन गति , जीवन की अवनति  है।

Monday, October 26, 2015

चंदन तो चंदन होता है

चंदन तो चंदन होता है ,
वह कुछ और नहीं होता है ,
जो भुजंग है, वह भुजंग है ,
वह भुजंग ही तो होता है ,
लिपटा चंदन से रहता है ,
पर विषधर विषधर होता है।

जो शीतल पावन होता है ,
वह जल गंगा जल होता है ,
मन जिसका गंगा होता है ,
वह सच में चंदन होता है ,
पूजित वह चंदन होता है ,
चंदन का वंदन होता है।

शुष्क अधर पर प्यार का चुंबन ,
अमृत की वर्षा करता  है ,
उस पल बैठ जगत का ब्रह्मा ,
इस जग की सृष्टी करता है ,
वह पल तो बस पल होता है ,
पल में ही सब कुछ होता है।

Friday, September 18, 2015

भारत भाल की बिंदी हिन्दी

हिन्दी हिन्दुस्तान की भाषा ,
हिन्दी है जन - जन की भाषा ,
उत्तर- दक्षिण,पूरब-पश्चिम ,
हिन्दी  है सम्मान की भाषा।
भारत भाल की बिंदी हिन्दी  ,
हम सब की पहचान है हिन्दी  ,
दिल को दिल से जोड़े हिन्दी ,
भाषाओं में प्यारी हिन्दी।
विश्व में भी यह पूजित हिन्दी ,
देश का मान बढ़ाती हिन्दी ,
हो लैटिन , अमरीका ,जर्मनी ,
मॉरिसस में प्यारी हिन्दी।
राजनीति की गलियारों में ,
खो गई आज हमारी हिन्दी ,
चाहे जिसको गद्दी दे दो ,
फिर भी सुरभित है यह हिन्दी।
               
             -- विजय कुमार सिन्हा " तरुण "
                  डी - 40 , रेस कोर्स , देहरादून
                   मो० - 9897700208